Mon, 16 Mar 2026
G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it G2M is a social Media platform which is designed for journalists, bloggers, and content creators Join it

पंजाब में शीतलहर को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट, इस दिन बारिश के आसार

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड का असर तेज हो गया है। प्रदेश में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई है। नवांशहर में पहली बार तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कई अन्य जिलों में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

कई शहरों में जीरो विजिबिलिटी
चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना समेत कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई जगहों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे और अधिकतम तापमान औसत से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आज के लिए शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में गंभीर शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और लुधियाना में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में शीतलहर से गंभीर शीतलहर चलने के आसार हैं।

वहीं पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मालेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और मानसा में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। फिलहाल मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

18 और 19 जनवरी को हल्की बारिश के आसार
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 15 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 18 और 19 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने और धूप निकलने के आसार जताए गए हैं।


19

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 146920