Nurturing Talent, Empowering Dreams – A Step Towards a Brighter Future by SBMCT - PHAGWARA
डंकी रूट के जरिए युवाओं को अवैध रूप से अमेरिका भेजने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने पंजाब के जालंधर में Richie Travel Agency सहित हरियाणा और दिल्ली में कुल 13 व्यावसायिक और रिहायशी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कुख्यात डंकी रूट सिंडिकेट के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है।
छापेमारी में करोड़ों की नकदी- सोना-चांदी बरामद
ईडी की इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली स्थित एक ट्रैवल एजेंट के ठिकाने से बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती धातुएं बरामद की गईं। जांच एजेंसी ने यहां से 4.62 करोड़ रुपये नकद, 313 किलो चांदी और 6 किलो सोने के बिस्किट जब्त किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 19.13 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मोबाइल चैट और डिजिटल सबूत भी मिले
छापेमारी के दौरान ईडी को कई अहम डिजिटल सबूत भी हाथ लगे हैं। इनमें मोबाइल फोन और चैट रिकॉर्ड शामिल हैं, जिनमें डंकी रूट नेटवर्क से जुड़े लोगों के बीच टिकट, रूट और पैसों की डील से जुड़ी बातचीत दर्ज है। इन डिजिटल साक्ष्यों को पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में अहम माना जा रहा है।
मेक्सिको रूट से अमेरिका भेजने का खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में एक प्रमुख प्लेयर के ठिकाने से ऐसे दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनसे पता चलता है कि वह लोगों को मेक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने के लिए उनकी जमीन या प्रॉपर्टी के कागजात गिरवी रखवाता था। इससे यह सुनिश्चित किया जाता था कि पैसा सुरक्षित रहे और कोई व्यक्ति बीच रास्ते से वापस न लौट सके।
330 भारतीयों के डिपोर्टेशन से जुड़ी है जांच
यह पूरी जांच फरवरी 2025 में अमेरिका से 330 भारतीय नागरिकों के डिपोर्टेशन से जुड़ी हुई है। इन मामलों में पंजाब और हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। जांच में ट्रैवल एजेंट्स, बिचौलियों, हवाला ऑपरेटर्स और विदेशों में मौजूद नेटवर्क के लिंक सामने आए हैं।
जालंधर में Richie Travel के ऑफिस और घर पर भी छापा
बीते दिन ईडी की टीम ने जालंधर बस स्टैंड के पास स्थित Richie Travel Agency के कार्यालय और जसवंत नगर में एजेंसी मालिक के आवास पर एक साथ छापेमारी की थी। ईडी का मानना है कि यही नेटवर्क हाल ही में अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीय नागरिकों को अवैध रूप से विदेश भेजने में सक्रिय था। फिलहाल ईडी सभी बरामद दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की फोरेंसिक जांच कर रही है।




Comments
No comments yet.