Wed, 21 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

होशियारपुर में सरेआम लूट: सिर्फ 52 सेकेंड में मनी चेंजर की दुकान से 4.50 लाख उड़ा ले गए बदमाश; देखें वीडियो

होशियारपुर के माहिलपुर के सबसे व्यस्त इलाके फगवाड़ा रोड पर मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां सब्जी मंडी के पास स्थित एक मनी चेंजर की दुकान में घुसे दो नकाबपोश लुटेरों ने महज 52 सेकेंड के भीतर 4.50 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में भारी रोष और दहशत है।

फिल्मी अंदाज में दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 7 बजे की है। दो लुटेरे बाइक पर सवार होकर आए थे। उनकी योजना पूरी तरह से तैयार थी—एक बदमाश ने दुकान के बाहर बाइक को स्टार्ट हालत में रखा, जबकि दूसरा तेजी से दुकान के अंदर दाखिल हुआ। कुछ ही पलों बाद बाहर खड़ा बदमाश भी अंदर आ गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि लुटेरों ने दुकानदार को काउंटर के पास घेर लिया और उसकी गर्दन पर कोई नुकीली वस्तु रखकर उसे डराया।

दुकानदार को कुर्सी से गिराया और कैश लेकर फरार

बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दुकानदार के साथ धक्का-मुक्की की और उसे कुर्सी से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने काउंटर में रखा सारा कैश (करीब 4.50 लाख रुपये) समेटा और दोनों हाथों में नकदी लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए। पूरी वारदात आधे मिनट से भी कम समय में घटित हो गई।

लोगों का फूटा गुस्सा- 'पंजाब में खत्म हुआ पुलिस का डर'

भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस लूट ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने गुस्से में कहा कि पंजाब में अपराधियों के मन से पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है। लुटेरे सरेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं और दिनदहाड़े दुकानों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 234242

Share this Post