Mon, 23 Nov 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

बच्चों के Instagram-Facebook चलाने पर लग सकती है रोक, कोर्ट ने सरकार को दिया बड़ा आदेश

बच्चों को सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए बांग्लादेश में बड़ा कदम उठाया गया है। वहां की एक अदालत ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अदालत ने बच्चों पर सोशल मीडिया के एल्गोरिदम आधारित कंटेंट के प्रभावों का अध्ययन करने के लिए विशेषज्ञों की स्वतंत्र समिति बनाने को भी कहा है।

16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर होगी रोक?

समाचार पत्र 'प्रथम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश के उच्चतम न्यायालय के उच्च न्यायालय प्रभाग ने रविवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए ये निर्देश जारी किए। याचिका में सरकार की ओर से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाया गया था।

न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव और बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

बच्चों पर सोशल मीडिया के प्रभावों की जांच करेगी विशेषज्ञ समिति

अदालत ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र समिति गठित करने का आदेश भी दिया है। यह समिति अध्ययन करेगी कि सोशल मीडिया पर एल्गोरिदम के जरिए दिखाए जाने वाले कंटेंट का बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ता है।

इसके अलावा समिति यह भी जांच करेगी कि सोशल मीडिया के सुझाव देने वाले सिस्टम बच्चों के व्यवहार, उनकी ऑनलाइन गतिविधियों और कंटेंट देखने की आदतों को किस तरह प्रभावित करते हैं।

एल्गोरिदम से बच्चों के विकास पर पड़ने वाले असर का होगा आकलन

आजकल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूजर्स की पसंद और गतिविधियों के आधार पर उन्हें वीडियो, पोस्ट और अन्य सामग्री दिखाते हैं। इसी प्रक्रिया को एल्गोरिदम आधारित कंटेंट फीड कहा जाता है।

अदालत की ओर से गठित की जाने वाली समिति इस बात का आकलन करेगी कि लगातार इस तरह का कंटेंट देखने से बच्चों की सोच, व्यवहार और समग्र विकास पर क्या प्रभाव पड़ सकता है। समिति अपनी जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट न्यायालय को सौंपेगी।

दुनियाभर में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर बढ़ रही चिंता

बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक सेहत और विकास पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर दुनियाभर में चिंता बढ़ रही है। कई देशों की सरकारें कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल को सीमित करने और उन्हें हानिकारक ऑनलाइन कंटेंट से बचाने के लिए नए नियम बनाने पर विचार कर रही हैं।

बांग्लादेश की अदालत का यह निर्देश भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए जरूरी नियम और सुरक्षा उपाय तय किए जा सकते हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 303405

Share this Post