*ਦੁਆਬਾ ਕਾਲਜ ਵਿਖੇ ਲੂਈਸ ਬਰੇਲ ਵੈਲਫੇਅਰ ਐਸੋਸੀਏਸ਼ਨ ਵੱਲੋਂ ਪ੍ਰੋਗਰਾਮ ਆਯੋਜਿਤ*
पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका सारा गुरपाल ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक खुलासा किया है। हाल ही में रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में नजर आने के बाद सुर्खियों में रहीं सारा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि शादी के बाद उन्हें गंभीर प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्हें करीब 47 दिनों तक घर में कैद रखा गया और अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
करियर के अच्छे दौर में की थी कोर्ट मैरिज
इंटरव्यू में सारा गुरपाल ने बताया कि उन्होंने अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर में शादी करने का फैसला लिया था। उस वक्त उन्हें लगा कि शादी तो एक दिन करनी ही है, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया। शुरुआत में उन्हें अपने होने वाले जीवनसाथी और परिवार का व्यवहार ठीक लगा था, लेकिन शादी के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। सारा के मुताबिक, उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के बजाय कोर्ट मैरिज की थी, क्योंकि उस समय अमेरिका के वीजा के लिए आवेदन करना था और कोर्ट मैरिज का सुझाव उनके पति ने ही दिया था।
वीजा मिलते ही बदला व्यवहार, बंद कराया सोशल मीडिया
सारा का कहना है कि जैसे ही उनका अमेरिकी वीजा मंजूर हुआ, उनके पति का रवैया बदलने लगा। उन पर काम न करने का दबाव बनाया जाने लगा और काम की बात करने पर विवाद होने लगता था। एक्ट्रेस के अनुसार, उनके पति ने उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया था। सारा ने बताया कि अमेरिका जाने से पहले उनके सामने शर्त रखी गई थी कि वहां जाने के बाद वह अपना काम नहीं कर सकेंगी और उन्हें सोशल मीडिया से भी दूर रहना होगा। उन्होंने परिवार की शर्तें मान लीं और करीब एक साल तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी।
रेस्टोरेंट में काम करने से किया इनकार तो मिली कैद की सजा
अभिनेत्री ने आगे बताया कि अमेरिका में उनके पूर्व पति ने उन्हें अपने रेस्टोरेंट में काम करने के लिए मजबूर किया। जब सारा ने इससे मना कर दिया, तो उन्हें कथित तौर पर करीब 47 दिनों तक घर के भीतर बंद रखा गया। उन्होंने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के साथ-साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के भी आरोप लगाए।
देवर के हमले से बची जान, पुलिस की मदद से पहुंचीं शेल्टर होम
सारा ने एक भयावह घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार गुस्से में उनके देवर ने उन पर हमला करने की कोशिश की, जिससे उनकी जान पर बन आई थी। उस दौरान उनकी सास ने बीच-बचाव करते हुए अपने बेटे का हाथ पकड़ लिया, जबकि उनके पति वहीं मौजूद होने के बावजूद मूकदर्शक बने रहे। इस घटना के बाद सारा ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी। पुलिस उन्हें वहां से निकालकर एक शेल्टर होम ले गई। बाद में भारत लौटने के बाद सारा ने फिर से अपने करियर की शुरुआत की और कड़ी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।


Comments
No comments yet.