पटियाला-संगरूर हाईवे पर बड़ा हादसा, 10 साल में ही टूट गया 100 साल की मियाद वाला पुल
पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूटकर नीचे धंस गया। हादसे के वक्त पुल के ऊपर से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल का हिस्सा टूटते ही दोनों ट्रक भी उसके साथ नीचे की ओर झुक गए और नहर में लटक गए। गनीमत रही कि ट्रकों में सवार लोगों की जान बच गई और कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
पुल टूटते ही नहर में लटक गए दोनों ट्रक
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों ट्रक पुल पार कर रहे थे। जैसे ही ट्रक पुल के आखिरी हिस्से पर पहुंचे, अचानक लोहे का पुल टूट गया। इसके चलते दोनों ट्रक पुल के टूटे हुए हिस्से के साथ नहर की तरफ लटक गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुल टूटने से ऊपर से बहने लगा भाखड़ा का पानी
पुल का हिस्सा टूटने के कारण भाखड़ा नहर का पानी भी उसके ऊपर से बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की बचाव टीमें और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।
हाईवे पर ट्रैफिक बंद, दोनों तरफ बैरिकेडिंग
हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस रास्ते को बंद कर दिया है, ताकि कोई अन्य वाहन हादसे का शिकार न हो।
महज 10 साल में टूटा पुल, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
इस हादसे के बाद पुल के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे का निर्माण साल 2016 में पूरा हुआ था और इसी दौरान भाखड़ा नहर पर इस लोहे के पुल का निर्माण भी किया गया था। बताया जा रहा है कि पुल को करीब 100 साल की मियाद को ध्यान में रखकर बनाया गया था, लेकिन निर्माण के महज 10 साल बाद ही इसके टूटने से इसकी मजबूती और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।


Comments
No comments yet.