Amul और Mother Dairy ने बढ़ाए दूध के दाम, आम लोगों पर पड़ेगा बोझ
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल के साथ उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को भी जान से मारने की चेतावनी दी है।
शिकायत के मुताबिक, खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को फोन और वॉट्सऐप मैसेज भेजकर धमकाया। आरोपी ने विधायक के माध्यम से अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये पहुंचाने की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन और मैसेज
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। इसके साथ ही उसी नंबर से वॉट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। आरोपी के वॉट्सऐप प्रोफाइल पर '~ $H' नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और विधायक को अरविंद केजरीवाल तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए कहा।
7 करोड़ नहीं दिए तो केजरीवाल और बेटी को मारने की धमकी
शिकायत में दर्ज आरोपों के मुताबिक, आरोपी ने फोन और टेक्स्ट मैसेज के जरिए 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी में कहा गया कि अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने के लिए कह दिया जाए, अन्यथा उन्हें और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज
विधायक की शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप प्रोफाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।


Comments
No comments yet.