Thu, 29 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

CM मान की मौजूदगी में शुरू होगी एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, जानें कब भारत का किस टीम से होगा मैच

जालंधर में आज 27 अक्टूबर से पुरुष एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज होने जा रहा है। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एशिया की छह टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होकर चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। मेजबान भारत अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से करेगा।

जालंधर में 2 नवंबर तक पूल मैच खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और पदक मुकाबले 4 और 5 नवंबर को मोहाली में आयोजित होंगे। टूर्नामेंट को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां की गई हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने तैयारियों का लिया जायजा
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने टूर्नामेंट की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्टेडियम और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। खास तौर पर सुरजीत हॉकी स्टेडियम के नवीनीकरण के काम में तेजी लाने पर जोर दिया गया, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक होंगी व्यवस्थाएं
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन को सुचारू रूप से करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान खेल संबंधी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों और हॉकी प्रशंसकों को बेहतर अनुभव प्रदान करना है।

आज भारत-बांग्लादेश के मुकाबले से पहले होगा उद्घाटन समारोह
टूर्नामेंट के पहले दिन 27 अक्टूबर को मलेशिया और चीन के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद जापान और कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी। दिन का प्रमुख मुकाबला मेजबान भारत और बांग्लादेश के बीच होगा। इस मैच से पहले उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

2 नवंबर तक जालंधर में होंगे पूल मैच
जालंधर में 29 अक्टूबर को मलेशिया बनाम कोरिया, बांग्लादेश बनाम जापान और भारत बनाम चीन के मुकाबले खेले जाएंगे।
30 अक्टूबर को बांग्लादेश का सामना मलेशिया से, कोरिया का चीन से और जापान का भारत से होगा।
1 नवंबर को कोरिया-बांग्लादेश, चीन-जापान और मलेशिया-भारत के मैच होंगे।
2 नवंबर को चीन-बांग्लादेश, जापान-मलेशिया और भारत-कोरिया के मुकाबलों के साथ जालंधर में पूल चरण समाप्त होगा।

मोहाली में होंगे सेमीफाइनल और फाइनल
आराम के दिन के बाद 4 नवंबर को मोहाली में पांचवें और छठे स्थान के लिए प्लेसमेंट मैच के साथ सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। सेमीफाइनल में पूल की शीर्ष चार टीमें जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। चैंपियनशिप का समापन 5 नवंबर को मोहाली में होगा। इस दिन कांस्य पदक और स्वर्ण पदक के लिए मुकाबले खेले जाएंगे, जिनसे टूर्नामेंट के विजेता का फैसला होगा।

प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
तैयारियों की समीक्षा के दौरान नगर निगम जालंधर के कमिश्नर सुरिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमरजीत बैंस, ज्वाइंट कमिश्नर मनदीप कौर और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 253824

Share this Post