मोगा में 2 हत्याओं के बाद पुलिस का बड़ा खुलासा, पुरानी रंजिश में फायरिंग; 5 आरोपी गिरफ्तार
मोगा में चार लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दो की हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस वारदात में दो अन्य लोग घायल हुए थे। सोमवार सुबह पंजाब के DGP गौरव यादव घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। पुलिस अब तक इस मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। DGP के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस हमले में शामिल लोगों के साथ-साथ उन्हें मदद देने वाले नेटवर्क के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।
DGP गौरव यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
सोमवार सुबह करीब 11 बजे DGP गौरव यादव मोगा के घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी बात सुनी। अधिकारियों से मामले की जांच और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली गई।
DGP ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की आशंका
जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर बैठे चार लोगों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में आए हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। DGP गौरव यादव के अनुसार शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले की योजना कैसे बनाई गई और इसमें कौन-कौन शामिल था।
CCTV फुटेज और टावर डंप डेटा खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले की जांच तकनीकी और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस संदिग्धों की गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों से जुड़े सुराग भी खंगाल रही है।जांच के तहत टावर डंप डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि वारदात के समय संबंधित क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान करने में मदद मिल सके। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं।
कुलजीत ढीबा समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलजीत ढीबा, किरणपाल सिंह, तेजिंदर सिंह, बलजीत कौर और जीवन के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले कथित हमलावरों के साथ-साथ उन्हें पनाह देने, हथियार मुहैया करवाने और रेकी करने में मदद करने वाले नेटवर्क की भी पहचान की है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश
DGP गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि पंजाब में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का जोर केवल वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सहायता देने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





Comments
No comments yet.