लुधियाना में ताजपुर रोड स्थित हुंदल चौक पर शराब ठेके के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब निहंग सिंहों के एक जत्थे ने खुले में बैठकर शराब पी रहे लोगों पर डंडे बरसा दिए। निहंगों ने मौके पर मौजूद लोगों को वहां से खदेड़ दिया और ठेके के बाहर लगी पानी की टोंटी भी तोड़ दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें निहंग सिंह खुले में शराब पीने वालों को चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं।
झोटा हत्याकांड को लेकर बंद के दौरान हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना 15 अक्टूबर की दोपहर की है। उस समय परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर लुधियाना में बंद और तनाव का माहौल था। इसी दौरान ताजपुर रोड के हुंदल चौक स्थित शराब ठेके के बाहर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। वहां से गुजर रहे निहंग सिंहों ने जब सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते लोगों को देखा, तो उन्होंने इसका विरोध किया।
डंडे लेकर पहुंचे निहंग, मौके से भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध के दौरान निहंग सिंहों ने लाठियां और डंडे निकाल लिए तथा शराब पी रहे लोगों को वहां से खदेड़ना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी शराब की बोतलें और गिलास छोड़कर वहां से भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
पानी की टोंटी भी तोड़ी, खुले में शराब पीने पर जताया विरोध
लोगों को खदेड़ने के दौरान निहंग सिंहों ने शराब ठेके के बाहर लगी पानी की टोंटी भी तोड़ दी। उन्होंने सार्वजनिक सड़कों और चौक-चौराहों पर बैठकर शराब पीने पर नाराजगी जताई। निहंगों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह शराब पीने से आम लोगों को परेशानी होती है और महिलाओं सहित अन्य राहगीरों को भी वहां से गुजरना पड़ता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति वहां खुले में शराब पीता दिखाई दिया, तो उसका विरोध किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ठेका कर्मचारियों ने दी सफाई
दूसरी ओर, शराब ठेके पर तैनात कर्मचारियों ने कहा कि वे लोगों को ठेके के बाहर बैठकर शराब पीने की अनुमति नहीं देते। उनके मुताबिक, कुछ लोग अपनी मनमानी करते हुए वहां बैठ जाते हैं और कर्मचारियों के मना करने पर भी उनकी बात नहीं सुनते।





Comments
No comments yet.