Thu, 29 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

CJP के प्रदर्शन से पहले बड़ा एक्शन, विमान के अंदर से अभिजीत दीपके हिरासत में; सौरव दास-रांका भी डिटेन

CJP प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने विमान के अंदर से सौरव दास और रांका को भी डिटेन कर लिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे करीब 600 समर्थकों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में कई जगहों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए कीलें भी लगाई गई हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की होने की भी खबर है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा कड़ी
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा सहित दिल्ली से सटे क्षेत्रों में वाहनों की जांच की जा रही है। इसके चलते कई जगहों पर जाम की स्थिति बन रही है। दूसरी ओर, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं।

संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।

CJP ने लगाया 'वोट चोरी' का आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। संगठन का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को रोका जाना चाहिए। दिल्ली रवाना होने से पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हार मान ली है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई और राजधानी में लगाई गई पाबंदियों पर सवाल उठाए।

दीपके ने कहा, "प्रदर्शनकारियों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई और दिल्ली में पाबंदियां लगाना ताकत की नहीं, बल्कि अपनी ही जनता से डरे हुए नेता की निशानी है।" प्रदर्शन को लेकर पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संगठन की मांगों पर राजनीतिक विवाद बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद
प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली के आबकारी विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को रिटेल शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इस आदेश में भारतीय, विदेशी और देशी शराब बेचने वाली निर्धारित दुकानें शामिल हैं। मॉल में स्थित कुछ शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी। हालांकि, लाइसेंस प्राप्त रेस्टोरेंट, बार और क्लब में पहले की तरह शराब परोसने की अनुमति रहेगी। यानी शराब की खुदरा बिक्री पर रोक के बावजूद लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठानों में शराब परोसने की व्यवस्था जारी रहेगी।

नमो भारत के दो स्टेशन भी रहेंगे बंद
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नमो भारत ट्रेन के दो स्टेशन भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रखने की जानकारी दी गई है। इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीनगर (उत्तर प्रदेश) के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा पर निकलने से पहले स्टेशन की उपलब्धता और ट्रेन सेवा से जुड़ी ताजा जानकारी की पुष्टि कर लें।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 254108

Share this Post