Thu, 10 Sep 2026
Post Details

पंजाब में अंबेडकर अपमान पर भड़का दलित समाज! जालंधर-होशियारपुर बंद

लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके विरोध में सामाजिक संगठनों के आह्वान पर आज जालंधर और होशियारपुर शहरों में पूर्ण बंद रखा गया है। जालंधर में सुबह से ही प्रमुख बाजारों की ज्यादातर दुकानें पूरी तरह बंद रहीं और बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित रहीं। वहीं, होशियारपुर में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर बाजार बंद कराए हैं।

वाल्मीकि चौक से अंबेडकर चौक तक रैली और एम्बुलेंस का मामला
जालंधर में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी वाल्मीकि चौक पर एकत्रित हुए, जहां से वे एक विशाल रैली के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के लिए रवाना हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से खुली हुई दुकानों को बंद करवाने की अपील की गई। प्रदर्शन के दौरान ज्योति चौक पर एक एम्बुलेंस ट्रैफिक के बीच फंस गई थी, हालांकि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने थोड़ी ही देर में रास्ता साफ करवाकर उसे सुरक्षित निकाल दिया।

शाम 5 बजे तक जारी रहेगा प्रदर्शन, दफ्तरों पर असर
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने साझा बयान में कहा कि यह बंद शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का लक्ष्य सरकारी दफ्तरों और बैंकों को भी बंद कराकर अपना विरोध दर्ज कराना है, ताकि प्रशासन तक उनकी बात मजबूती से पहुंच सके।

इमरजैंसी सेवाओं और विद्यार्थियों को राहत
सामान्य जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संगठनों ने बंद के दौरान हाईवे जाम न करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही अस्पतालों, मेडिकल स्टोरों और अन्य आपातकालीन सेवाओं को बंद से पूरी तरह मुक्त रखा गया है। बच्चों की बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं के महत्व को देखते हुए स्कूल और कॉलेजों को भी सुचारू रूप से संचालित होने की छूट दी गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 217497

Share this Post