Fri, 04 Sep 2026
Post Details

“वार्ड 33 की जनता पूछ रही है—सड़क, सफाई और अतिक्रमण पर जवाब कौन देगा?” : विक्रांत मदान

 

 

G2M जालंधर 3 सितंबर 2026:- भाजपा वार्ड 33 मॉडल टाउन के इंचार्ज एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रांत मदान ने आम आदमी पार्टी सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मॉडल टाउन सहित शहर के कई इलाकों में जनता बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशान है, लेकिन जिम्मेदार लोग केवल बैठकों और बयानों तक सीमित नजर आ रहे हैं।

 

विक्रांत मदान ने कहा कि “वार्ड 33 की जनता ने अपने प्रतिनिधियों को इसलिए चुना है कि उनकी समस्याओं का समाधान हो, न कि हर समस्या के लिए जनता को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें।”

 

उन्होंने वार्ड 33 की पार्षद अरुणा अरोड़ा से सवाल करते हुए कहा कि यदि वार्ड में सड़क व्यवस्था, सफाई, पार्किंग, अतिक्रमण और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, तो इन समस्याओं के समाधान की समयसीमा जनता को क्यों नहीं बताई जाती?

 

भाजपा नेता ने कहा, “जनता को फोटो खिंचवाने वाली राजनीति नहीं, काम चाहिए। अगर सड़क पर समस्या है तो उसका समाधान सड़क पर दिखाई देना चाहिए। अगर अतिक्रमण है तो कार्रवाई भी बिना भेदभाव के होनी चाहिए।”

 

उन्होंने कहा कि विपक्ष के रूप में भाजपा जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और वार्ड 33 की प्रत्येक प्रमुख समस्या को प्रशासन एवं नगर निगम के सामने मजबूती से उठाया जाएगा।

 

विक्रांत मदान ने चुनौतीपूर्ण अंदाज में कहा, “मैं किसी व्यक्ति के खिलाफ राजनीति नहीं करता, लेकिन जनता के सवालों से पीछे भी नहीं हटूंगा। जिस दिन जनता ने हिसाब मांगना शुरू किया, उस दिन कुर्सी पर बैठे हर जिम्मेदार व्यक्ति को अपने काम का जवाब देना पड़ेगा।”

 

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वार्ड 33 की प्रमुख समस्याओं पर खुली समीक्षा कराकर जनता को बताया जाए कि कौन-सा काम कब तक पूरा होगा।

 

“अब बयान नहीं—जवाब चाहिए, और जवाब भी काम के रूप में चाहिए।” — विक्रांत मदान

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 215259

Share this Post