पंजाब के पटियाला जिले से सरेआम गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के सनौर इलाके में किसी अज्ञात बात को लेकर दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई और फिर भयंकर मारपीट में तब्दील हो गई। इस हिंसक झड़प के दौरान सारी हदें पार करते हुए एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट की एक महिला को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
सोशल मीडिया पर दरिंदगी का वीडियो वायरल
इस दिल दहला देने वाली घटना का 38 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावरों ने महज 5 सेकंड के भीतर महिला पर लाठी-डंडों से लगातार 6 बार हमला किया। खुद को बचाने की जद्दोजहद में महिला पास ही मौजूद एक गंदे नाले में गिर जाती है, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों का दिल नहीं पसीजता और वे उस पर वार करते रहते हैं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण महिला काफी देर तक उसी नाले में बेसुध पड़ी रही।
पुलिस को औपचारिक शिकायत का इंतजार
यह घटना सनौर इलाके की बताई जा रही है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों गुटों के बीच इस हिंसक विवाद की मुख्य वजह क्या थी और महिला पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी कौन हैं। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद पुलिस को अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, लेकिन जब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं आती, तब तक मामला दर्ज नहीं किया जा सकता। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलते ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





Comments
No comments yet.