लुधियाना में एक प्रॉपर्टी डीलर की निर्मम हत्या के बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के सामने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे न तो शव का पोस्टमॉर्टम कराएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे। अपनी मांगों को लेकर परिवार के सदस्य भारी संख्या में लोगों को अपने साथ लेकर लुधियाना-जालंधर हाईवे पर धरने पर बैठ गए हैं। उनका दो टूक कहना है कि उन्हें हर हाल में हत्यारों का एनकाउंटर देखना है।
हाईवे पर लगा भीषण जाम, हजारों वाहन फंसे
विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हाईवे के दोनों छोर पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी करके आवाजाही को पूरी तरह से ठप कर दिया है। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए हैं। इस चक्काजाम के कारण हाईवे पर करीब 2 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है। सड़क के दोनों तरफ रास्ता बंद होने के कारण एक हजार से अधिक वाहन इस जाम में फंस गए हैं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस प्रशासन की कोशिशें नाकाम
धरने और भारी जाम की सूचना मिलते ही एसीपी इंद्रजीत सिंह बोपाराय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच सड़क पर बैठे परिजनों को शांत करने और पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की भरपूर कोशिश की। हालांकि, पुलिस के समझाने-बुझाने का प्रदर्शनकारियों पर कोई असर नहीं हुआ। गुस्साए परिजन अपनी मांगों पर पूरी तरह से अड़े हुए हैं और हाईवे से हटने को तैयार नहीं हैं।





Comments
No comments yet.