Sun, 09 Aug 2026
Post Details

जालंधर में दिन-दहाड़े दंपति से स्नैचिंग, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

जालंधर के शिव विहार इलाके में सुबह-सुबह स्नेचरों ने हथियारों के दम पर दंपति को निशाना बना लिया। बाइक सवार दो बदमाश हथियार लेकर पहुंचे और सड़क से पैदल गुजर रहे दंपति को घेरकर स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वारदात के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

बाइक खड़ी कर दंपति का किया इंतजार
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सुबह करीब 8 बजे एक दंपति पैदल गली से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दी। दोनों युवक अपने चेहरे ढके हुए थे। जैसे ही दंपति उनके पास से गुजरने लगा, दोनों स्नेचर हथियार लहराते हुए उनके सामने आ गए।

हथियार दिखाकर डराया, महिला से की स्नेचिंग
बदमाशों ने हथियार दिखाकर दंपति को डराया और दोनों को धमकाने लगे। CCTV फुटेज में पीड़ित दंपति के चिल्लाने और लोगों से मदद की गुहार लगाने की आवाज भी सुनाई दे रही है। बताया जा रहा है कि दंपति बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाता रहा, लेकिन डर के चलते कोई भी मदद के लिए बाहर नहीं आया। इसके बाद स्नेचर महिला को निशाना बनाकर उससे स्नेचिंग कर लेते हैं और दोनों बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। वारदात के दौरान दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।

CCTV फुटेज ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
सरेआम हथियार लहराकर हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुबह के समय भी हथियारबंद स्नेचर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। घटना के बाद लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
घटना की CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के अपराध पर नकेल कसने के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस अब दोनों आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर सकती है। हथियारों के साथ सरेआम हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 192692