जालंधर के गद्दोवाली पिंड में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के गहने और कैश चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था, लेकिन उन्हें चोरी होने की भनक तक नहीं लगी। सुबह परिवार के जागने के बाद जब घर का सामान देखा गया तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
2 तोले सोना और 40 हजार रुपए कैश ले गए चोर
पीड़ित गुरमीत राम ने बताया कि रात के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान खिड़की टूटने की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन परिवार ने इसे सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 2 तोले सोना लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए गहनों में सोने की चेन, अंगूठियां और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखा करीब 40 हजार रुपए कैश भी चोर अपने साथ ले गए।
कमरे के बाहर मेज लगाकर परिवार को किया बंद
गुरमीत राम के मुताबिक, चोरों को इस बात की जानकारी थी कि परिवार दूसरे कमरे में सो रहा है। चोरी करने के बाद उन्होंने कमरे के बाहर एक बड़ी मेज लगा दी, ताकि परिवार के लोग दरवाजा खोलकर बाहर न निकल सकें। सुबह करीब सवा 5 बजे जब परिवार ने कमरे से बाहर आने के लिए दरवाजा खोला तो वह नहीं खुला। इससे उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ। परिवार ने जोर लगाकर दरवाजा खोला तो बाहर बड़ी मेज रखी हुई मिली। इसके बाद घर में चोरी होने का पता चला।
खेतों की तरफ से आए थे चोर, गीली मिट्टी में मिले पैरों के निशान
पीड़ित ने बताया कि चोरी के बाद चोर घर की पिछली तरफ से होते हुए सड़क की ओर भागे। गीली मिट्टी में उनके पैरों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि चोर नंगे पैर घर में आए थे और कई जगह मिट्टी में उनके फिसलने के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आसपास के घरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।





Comments
No comments yet.