जालंधर के Apeejay परिसर में आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र और छात्राएं एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम में शामिल बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
MUN में शामिल हुए थे अलग-अलग स्कूलों के छात्र
जानकारी के अनुसार, Apeejay परिसर में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शहर के कई नामी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। इसी दौरान परिसर में खानपान की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर कुछ छात्रों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के साथ लात-घूसे चलने लगे। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के बाद बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
वीडियो सामने आने के बाद स्कूल परिसर में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब शहर के अलग-अलग नामी स्कूलों के बच्चे किसी कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तो उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह भी सामने नहीं आया है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।
स्कूल मैनेजमेंट का पक्ष सामने नहीं आया
इस मामले को लेकर Apeejay School के प्रिंसिपल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। स्कूल प्रबंधन या प्रिंसिपल की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अगर स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई पक्ष या स्पष्टीकरण दिया जाता है, तो उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।





Comments
No comments yet.