Fri, 07 Aug 2026
Post Details

कैप्टन अमरिंदर की कांग्रेस में वापसी के संकेत? राहुल गांधी के बयान के बाद बढ़ीं अटकलें

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। दिल्ली में आयोजित ‘जेन-जी’ संवाद कार्यक्रम के दौरान जब राहुल गांधी से पूछा गया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) में उनका पसंदीदा नेता कौन है, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया।

राहुल बोले- कैप्टन बेहद कूल इंसान हैं
राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह… डेफिनेटली। मैं उनके साथ आसानी से घुल-मिल जाता हूं। वह बेहद कूल इंसान हैं और मिलिट्री हिस्ट्री के गहरे जानकार हैं। इसलिए मैं उन्हें पसंद करता हूं।” इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हैलो अंकल अमरिंदर…”। राहुल गांधी ने इस बातचीत का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया, जिसके बाद यह बयान तेजी से चर्चा में आ गया।

वीडियो के बाद तेज हुईं राजनीतिक अटकलें
राहुल गांधी के इस बयान के बाद पंजाब के राजनीतिक गलियारों में कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इस संबंध में कांग्रेस या कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कैप्टन पहले भी जता चुके हैं कांग्रेस के प्रति लगाव
कैप्टन अमरिंदर सिंह इससे पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उन्हें कांग्रेस की कमी महसूस होती है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस उनके लिए एक परिवार की तरह थी, जहां राहुल गांधी से संवाद करना आसान था। उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा में उन्हें वैसा माहौल महसूस नहीं हुआ जैसा कांग्रेस में था।

राहुल के साथ रिश्तों का भी किया था जिक्र
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक पुराने बयान में बताया था कि उनके चचेरे भाई के निधन पर राहुल गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से शोक संदेश भेजा था, जबकि भाजपा की ओर से किसी ने संपर्क नहीं किया। इसी बयान के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 192334