Thu, 06 Aug 2026
Post Details

तेज बारिश से दहला पंजाब! लुधियाना में सड़क समाई जमीन में, आसपास की इमारतों पर खतरा

 पंजाब में सुबह हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। लुधियाना के ऋषि नगर में भारी बारिश के बाद सड़क अचानक धंस गई। सड़क का करीब 30 फीट लंबा हिस्सा जमीन में समा गया, जिससे लगभग 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित स्थान को घेर लिया।

आसपास की इमारतों पर मंडराया खतरा
सड़क धंसने से आसपास मौजूद इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढा काफी गहरा होने के कारण आसपास की बिल्डिंगों की नींव पर भी असर पड़ सकता है। प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई है।

पटियाला में शोरूम की दीवार गिरी, बड़ा हादसा टला
उधर, पटियाला के मॉडल टाउन में लगातार बारिश के कारण एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम के बेसमेंट में पानी भर गया। पानी का दबाव बढ़ने से शोरूम की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय शोरूम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने आज पंजाब के सात जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 192196