Tue, 04 Aug 2026
Post Details

जालंधर में श्री देवी तालाब मंदिर में हुई लड़ाई पर पुलिस सख्त, CP ने दिया बड़ा बयान

जालंधर के सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में दो दिन पहले मेयर विनीत धीर की शुक्राना यात्रा के दौरान हुई पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना को लेकर संत समाज और श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधन कमेटी ने पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। अब इस मामले में पुलिस कमिश्नर का बयान सामने आया है।

दोनों पक्षों पर 307 का मामला दर्ज, 17 आरोपी नामजद
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी की घटना में शामिल दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस केस में अब तक 17 लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।

'पवित्र धार्मिक स्थल पर घटना बेहद गंभीर'
सीपी सतिंदर सिंह ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन जब किसी पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना होती है तो पुलिस की जिम्मेदारी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सबसे कड़ी कानूनी धाराएं लगाई गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

संत समाज ने की सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इससे पहले संत समाज और श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधन कमेटी ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत सौंपकर मंदिर परिसर में पत्थरबाजी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भी आग्रह किया गया। भारत साधु समाज के महंत बंसीदास ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायत के आधार पर बढ़ सकती हैं धाराएं
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि संत समाज की ओर से दी गई शिकायत का भी कानूनी परीक्षण किया जा रहा है। यदि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो आरोपियों के खिलाफ और भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 191751