Tue, 04 Aug 2026
Post Details

भूपेश बघेल के 'गो बैक' पोस्टरों से भड़का विवाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। नारेबाजी और पोस्टर वॉर के बाद अब मामला कथित मारपीट तक पहुंच गया है। मामला श्री मुक्तसर साहिब का है, जहां पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग के कार्यक्रम से पहले शहर में 'भूपेश बघेल गो बैक' के पोस्टर लगाए गए। इसी दौरान पोस्टर लगाने पहुंचे लोगों और राजा वड़िंग समर्थकों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया।

फ्लेक्स लगाने वाले ड्राइवर ने लगाए हमले के आरोप
फ्लेक्स बोर्ड लगाने वाले छोटा हाथी वाहन के ड्राइवर जश्नदीप ने आरोप लगाया कि वह अपने साथियों के साथ पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान राजा वड़िंग के समर्थकों ने उन्हें पोस्टर लगाने से रोका। उनका कहना है कि पोस्टर लगाने का काम रोकने के बावजूद उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनका साथी घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

होटल संचालक ने भी सुनाई पूरी घटना
घटनास्थल के पास मौजूद एक होटल संचालक ने भी दावा किया कि फ्लेक्स लगाए जा रहे थे, तभी राजा वड़िंग के निजी सहायक जसप्रीत सिंह कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने पोस्टरों को लेकर पूछताछ की। होटल संचालक का आरोप है कि जब उन्हें बताया गया कि पोस्टर स्थानीय लोगों की ओर से लगाए जा रहे हैं, तो कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद कई गाड़ियों में अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और पोस्टर लगा रहे युवकों के साथ मारपीट की।

ड्राइवर का दावा- 10 से 12 लोगों ने डंडों से पीटा
सिविल अस्पताल में भर्ती वाहन चालक मंगा ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 8 बजे वह अपने साथी के साथ फ्लेक्स लगा रहा था। तभी कई गाड़ियों में सवार 10 से 12 लोग वहां पहुंचे और डंडों से हमला कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर फ्लेक्स से भरा उनका छोटा हाथी वाहन भी अपने साथ ले गए।

कांग्रेसी पार्षद ने लगाया लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले का आरोप
कांग्रेस पार्षद गुरमीत सिंह जीता ने आरोप लगाया कि पोस्टर लगाने के दौरान राजा वड़िंग समर्थकों ने हमला किया, जिसमें ड्राइवर घायल हो गया और उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस बोली- शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले में पुलिस का कहना है कि उन्हें प्रदीप सिंह पुत्र बलराज सिंह की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्टर लगाने के दौरान गाली-गलौज की गई और रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ड्राइवर से कथित मारपीट के मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 191717