Sat, 20 Jun 2026

जालंधर में मशहूर मोबाइल शॉप पर फायरिंग, इलाके में दहशत

जालंधर के मशहूर चावला मोबाइल पॉइंट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। थाना भार्गव कैंप के अधीन आने वाले इलाके में हुई इस वारदात से आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

दुकान का शीशा टूटा, एक आरोपी फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे और गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान दुकान का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आई हैं।

फिरौती कॉल से जुड़ रहा मामला
फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन घटनास्थल पर चर्चा है कि मोबाइल शॉप संचालक को पिछले कुछ सप्ताह से कथित तौर पर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग को लेकर धमकी भरे फोन आ रहे थे। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं फायरिंग का संबंध रंगदारी मांगने से तो नहीं है।

व्यापारियों का प्रदर्शन, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। कारोबारियों ने घटनास्थल के नजदीक पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


620

Share News

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 168184