Mon, 07 Sep 2026
Post Details

अमेरिका में एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा, रनवे से बाहर निकला प्लेन; 5 की मौत की खबर

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को लैंडिंग के दौरान एक बड़ा विमान हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान प्लेन रनवे से बाहर निकल गया और वहां मौजूद कई गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और मौके पर चारों तरफ धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब 5 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि 5 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ हादसा
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से बाहर निकल गया और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कुछ लोग गाड़ियों के अंदर फंस गए। विमान के पायलट और को-पायलट भी कॉकपिट में फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही 60 से ज्यादा फायर और रेस्क्यू यूनिट मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

विमान में कितने लोग सवार थे, अभी स्पष्ट नहीं
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि विमान में कितने लोग सवार थे और मृतकों में कितने विमान के यात्री थे। फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, जमीन पर मौजूद लोगों में भी कुछ के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर विमान और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।

प्लेन समय पर क्यों नहीं रुका? जांच जारी
अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर समय रहते क्यों नहीं रुक पाया। हादसे के पीछे तकनीकी खराबी, पायलट से जुड़ी किसी समस्या या अन्य कारण की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216607

Share this Post