Mon, 07 Sep 2026
Post Details

मान सरकार के विरोध के बावजूद जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा बने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को नया चीफ जस्टिस मिल गया है। जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने सोमवार को हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जस्टिस मिश्रा हाईकोर्ट के 37वें चीफ जस्टिस बन गए हैं।

इससे पहले जस्टिस शील नागू पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस थे। जून 2026 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का पद रिक्त हो गया था।

भगवंत मान सरकार ने बुलाई थी इमरजेंसी कैबिनेट बैठक
जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार ने रविवार, 6 सितंबर को इमरजेंसी कैबिनेट बैठक बुलाई थी। बैठक में उनकी नियुक्ति के विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया था। सरकार ने मांग की थी कि पंजाब सरकार की सहमति मिलने तक नए चीफ जस्टिस को शपथ न दिलाई जाए। पंजाब सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की गई थी।

नियुक्ति में सहमति नहीं लेने पर जताई आपत्ति
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इस संबंध में पंजाब सरकार से सहमति नहीं ली गई। उनका कहना था कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति एक संवेदनशील विषय है और इसमें निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। पंजाब सरकार ने इसी आधार पर शपथ ग्रहण समारोह को रोकने की मांग की थी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216565

Share this Post