Tue, 01 Sep 2026
Post Details

जालंधर कैंट पेरिफेरी रोड प्रोजेक्ट को लेकर पार्षद बलराज ठाकुर ने सरकार को घेरा, बोले- 8-9 साल से फाइलों में दबा है अहम प्रोजेक्ट

कांग्रेस पार्षद बलराज ठाकुर ने जालंधर कैंट पेरिफेरी रोड प्रोजेक्ट के लंबे समय से लंबित रहने पर पंजाब सरकार से इस मामले में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि करीब 8-9 वर्ष पहले जालंधर कैंट और आसपास के गांवों के लोगों को ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आज भी कमेटियों और सरकारी फाइलों में दबकर रह गया है।

अटवाल हाउस से जी.टी. रोड तक प्रस्तावित है पेरिफेरी रोड

बलराज ठाकुर ने बताया कि प्रस्तावित पेरिफेरी रोड अटवाल हाउस से शुरू होकर जालंधर कैंट की सीमा के साथ-साथ संसारपुर, सोफी पिंड, नंगल करार खां और दीप नगर से होते हुए जी.टी. रोड से जुड़नी है। इस सड़क के बनने से कैंट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के तहत रक्षा विभाग की कुछ जमीन सड़क निर्माण के लिए ट्रांसफर की जानी है। इसके बदले पंजाब सरकार द्वारा रक्षा विभाग को वैकल्पिक जमीन उपलब्ध करवाई जानी है। लेकिन जमीन के बदले जमीन देने से जुड़ा मामला लंबे समय से आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

पंजाब सरकार को खुद पहल करनी होगी

कांग्रेस पार्षद ने कहा कि यह प्रोजेक्ट रक्षा विभाग और पंजाब सरकार के बीच बेहतर तालमेल से आसानी से आगे बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए पंजाब सरकार को खुद पहल करते हुए रक्षा विभाग के साथ बातचीत कर जमीन से जुड़े मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से मामला लंबित रहने के बावजूद सरकार की ओर से इसे जल्द पूरा करने के लिए अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई। यदि सरकार समय रहते इस दिशा में कदम उठाती तो आज जनता को इसका लाभ मिल रहा होता।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, लोगों की आवाजाही होगी आसान

बलराज ठाकुर ने कहा कि पेरिफेरी रोड बनने से जालंधर कैंट, जालंधर शहर और आसपास के गांवों में आने-जाने वाले लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। यह सड़क कैंट क्षेत्र के बाहर से गुजरने वाले ट्रैफिक के लिए बाईपास का काम करेगी, जिससे मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कैंट क्षेत्र के कई एंट्री और एग्जिट पॉइंट रात करीब 11 बजे बंद कर दिए जाते हैं, जिससे आसपास के लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। पेरिफेरी रोड बनने से बाहरी यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी।

देरी से बढ़ रही निर्माण लागत

बलराज ठाकुर ने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट में जितनी देरी होती है, उसकी निर्माण लागत और बजट उतना ही बढ़ता जाता है। ऐसे में पेरिफेरी रोड प्रोजेक्ट को और लंबा खींचना जनता और सरकारी खजाने दोनों के हित में नहीं है।

उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि जमीन के बदले जमीन देने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करवाकर इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट पेरिफेरी रोड आने वाले समय में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक नई लाइफलाइन साबित हो सकती है।

बलराज ठाकुर ने कहा कि सरकार को राजनीतिक खींचतान से ऊपर उठकर जनहित में इस वर्षों पुराने प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक और आवाजाही की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 214097

Share this Post