Tue, 01 Sep 2026
Post Details

पंजाब कांग्रेस में नहीं थम रही खींचतान, राजा वड़िंग गुट की गैरमौजूदगी के बाद चन्नी ने कही बड़ी बात

पंजाब में कांग्रेस पार्टी के भीतर जारी अंदरूनी गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में रखड़ पुण्य (राखी) के अवसर पर अमृतसर में आयोजित कांग्रेस की स्टेज पर यह अंतर्कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का गुट मंच से नदारद दिखाई दिया। इस बीच राहुल गांधी के आगामी पंजाब दौरे को लेकर जब पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी से एकजुटता पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जा सकता। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी के दौरे के दौरान भी पार्टी की गुटबाजी सतह पर आ सकती है।

रामलीला मैदान के 'शुद्धिकरण' पर भड़के चन्नी
जालंधर में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद भाजपा नेताओं द्वारा किए गए 'शुद्धिकरण' (हवन-अनुष्ठान) को लेकर भाजपा पर करारा हमला बोला। चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने रामलीला मैदान को धोकर पवित्र करने का दावा यह कहकर किया कि वह स्थल 'अशुद्ध' हो गया था। चन्नी ने सीधा सवाल दागा कि भाजपा कब तक दलितों, शोषितों, पिछड़ों और अनुसूचित जाति के नेताओं के प्रति ऐसी संकीर्ण सोच रखेगी।

राहुल गांधी पर दर्ज FIR रद्द करने की मांग
सांसद चन्नी ने कहा कि भाजपा के नेता संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर का अपमान करते हैं और जब राहुल गांधी ने इस भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई, तो उल्टा उन पर ही मामला दर्ज कर दिया गया। चन्नी ने मांग की कि असली एफआईआर भाजपा नेताओं के खिलाफ होनी चाहिए और राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, चन्नी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का गलत इस्तेमाल कर भ्रामक और फर्जी वीडियो बनाने की प्रवृत्तियों की भी कड़े शब्दों में निंदा की।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 214097

Share this Post