Tue, 01 Sep 2026
Post Details

जालंधर जिमखाना चुनाव: प्रोग्रेसिव ग्रुप का पूरी तरह सूपड़ा साफ, चारों मुख्य पदों पर अचीवर्स ग्रुप का कब्जा

जालंधर जिमखाना क्लब के हाई-प्रोफाइल चुनावों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिसमें 'अचीवर्स ग्रुप' ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चारों मुख्य पदों पर शानदार जीत दर्ज की और प्रतिद्वंद्वी 'प्रोग्रेसिव ग्रुप' का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर दिया। आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली द्वारा 12 साल पहले गठित किए गए इस ग्रुप की इस एकतरफा जीत को टीम की सटीक रणनीति, मजबूत संगठन और सदस्यों के बीच आपसी एकजुटता का बड़ा नतीजा माना जा रहा है।

अमित कुकरेजा ने 1720 वोटों के ऐतिहासिक अंतर से दर्ज की सचिव पद पर जीत
चुनाव में सबसे बड़ा मुकाबला सचिव पद को लेकर था, जहाँ अचीवर्स ग्रुप के अमित कुकरेजा ने एकतरफा मुकाबले में अपने विरोधी को धूल चटा दी। अमित कुकरेजा को कुल 2,074 वोट मिले और उन्होंने 1,720 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर अचीवर्स ग्रुप के धीरज सेठ ने 1,549 वोट हासिल कर 486 वोटों के अंतर से बाजी मारी। कोषाध्यक्ष पद की बात करें तो सौरभ खुल्लर ने 1,569 वोट प्राप्त कर 508 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की।

संयुक्त सचिव पद पर पहले ही बिन लड़े मिली थी निर्विरोध जीत
चारों मुख्य पदों में से संयुक्त सचिव पद पर अचीवर्स ग्रुप के हरप्रीत सिंह 'गोल्डी' की जीत पहले ही तय हो चुकी थी। चुनाव से ठीक पहले विरोधी उम्मीदवार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद हरप्रीत सिंह गोल्डी को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया था। इस प्रकार मतदान प्रक्रिया संपन्न होते ही अचीवर्स ग्रुप ने चारों शीर्ष पदों पर अपनी बादशाहत कायम कर ली।

टीम भावना और सदस्यों के भरोसे की बड़ी जीत: नितिन कोहली
अचीवर्स ग्रुप के संस्थापक और AAP के जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने इस ऐतिहासिक जीत पर क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अचीवर्स ग्रुप ने हमेशा जिमखाना क्लब के विकास और सदस्यों के कल्याण को सर्वोपरि रखा है। यह जीत केवल व्यक्तिगत प्रत्याशियों की सफलता नहीं है, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों, वर्षों की कड़ी मेहनत और क्लब सदस्यों के अटूट विश्वास का परिणाम है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 214263

Share this Post