Mon, 31 Aug 2026
Post Details

लुधियाना में डेढ़ लाख रुपए लेकर ATM पहुंचे BJP नेता, पीछे से आया युवक और तान दी पिस्टल; फिर जो हुआ...

पंजाब के लुधियाना के साहनेवाल में ATM के अंदर BJP नेता से डेढ़ लाख रुपए लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी ने ATM में पैसे जमा करने पहुंचे नेता पर पिस्टल तान दी और नकदी से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। BJP नेता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की पिस्टल पकड़ ली और उसका विरोध किया। दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद आरोपी को ATM से बाहर निकाल दिया गया।

वारदात का करीब डेढ़ मिनट का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

ATM में पैसे जमा कर रहे थे BJP नेता
CCTV फुटेज के मुताबिक, BJP नेता महिंदर ATM में पैसे जमा करने पहुंचे थे। उनके पास करीब डेढ़ लाख रुपए से भरा एक साइड बैग था। इसी दौरान एक युवक ATM के अंदर उनके पीछे आकर खड़ा हो गया। वह कुछ देर तक महिंदर पर नजर रखता रहा। जैसे ही महिंदर मशीन में पैसे डालने लगे, आरोपी ने अपने बैग से पिस्टल निकाली और उनकी पीठ पर तान दी। इसके बाद उसने नकदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की।

BJP नेता ने पिस्टल पकड़ी, आरोपी से भिड़े
आरोपी के पिस्टल तानते ही महिंदर ने तुरंत उसका विरोध किया और पिस्टल पकड़ ली। इसके बाद दोनों के बीच ATM के अंदर ही हाथापाई शुरू हो गई। महिंदर ने आरोपी को काबू करने की कोशिश करते हुए उसे धक्का दिया और ATM से बाहर की तरफ ले गए।CCTV वीडियो में दिखाई दे रहा है कि BJP नेता आरोपी को पकड़कर ATM से बाहर की ओर ले जा रहे हैं। इसी दौरान हुई हाथापाई में आरोपी का सिर ATM के शीशे से टकरा गया, जिससे वह घायल हो गया।

दोनों के बीच संघर्ष के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
वारदात का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वीडियो में आरोपी द्वारा पिस्टल निकालकर BJP नेता से नकदी छीनने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 213451

Share this Post