Sat, 29 Aug 2026
Post Details

दुकान के बाहर लगाए कैमरे और पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दिया एक्सेस! लुधियाना से पकड़ा गया खतरनाक जासूस

लुधियाना में पुलिस ने एक बड़े देशविरोधी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सनसनीखेज सफलता हासिल की है। सराभा नगर थाना पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के लिए काम करने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी लुधियाना में रहकर शहर की तमाम गतिविधियों, खासकर सैन्य और बेहद संवेदनशील इलाकों की लाइव फुटेज सीधे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं तक पहुंचा रहा था।

दुकान के सीसीटीवी कैमरों से पाकिस्तान भेजी जा रही थी लाइव फीड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में मेडवेज अस्पताल के सामने एक दुकान किराए पर ली हुई थी। इसी दुकान को उसने अपनी जासूसी का मुख्य अड्डा बना रखा था। आरोपी ने दुकान के बाहर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए थे और उनका पूरा ऑनलाइन एक्सेस व लाइव फीड सीधे पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को सौंप दिया था। सीमा पार बैठे आईएसआई अधिकारी इन्हीं कैमरों के जरिए शहर और आसपास की हर हलचल पर सीधी नजर रख रहे थे।

गुरदासपुर का रहने वाला है आरोपी, बड़ी वारदात की आशंका
पकड़े गए जासूस की पहचान गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां स्थित सर्फकोट गांव निवासी रछपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि इस जासूसी के पीछे पाकिस्तानी एजेंसियों की लुधियाना में किसी बड़ी और खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है और गहन पूछताछ जारी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 212155

Share this Post