Fri, 28 Aug 2026
Post Details

चीनी खरीदने से पहले पढ़ लें ये खबर! D-Mart से Blinkit तक ग्राहकों के लिए तय हुई सीमा

त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले देश में चीनी की कीमतों में अचानक तेजी और सप्लाई में कमी के बीच अब इसकी खरीद पर भी सीमा लगाई जा रही है। Blinkit और Zepto जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ग्राहक एक बार में करीब 2 से 5 किलो तक ही चीनी खरीद सकेंगे। वहीं ऑफलाइन बाजार में भी कई बड़े सुपरमार्केट्स ने प्रति ग्राहक चीनी खरीदने की सीमा तय कर दी है।

एक महीने में 35.5% महंगी हुई चीनी
उपभोक्ता मामले विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 26 अगस्त को देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 65.05 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। 26 जुलाई को यही कीमत करीब 48 रुपये प्रति किलो थी। यानी महज 30 दिनों में चीनी की कीमत में लगभग 35.5 प्रतिशत का उछाल आया है। सप्लाई में कमी के बीच बाजार में जमाखोरी की आशंका को देखते हुए खरीद की सीमा तय की जा रही है।

D-Mart और Reliance Retail ने भी लगाई लिमिट
ऑफलाइन बाजार में D-Mart और Reliance Retail जैसे बड़े सुपरमार्केट्स ने भी ग्राहकों के लिए चीनी खरीदने की सीमा निर्धारित की है। इन स्टोर्स पर एक ग्राहक को करीब 2 से 3 किलो तक चीनी खरीदने की अनुमति दी जा रही है। रिटेल सेक्टर से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि कुछ ग्राहक बड़ी मात्रा में चीनी खरीदकर स्टॉक न कर लें और बाजार में उपलब्ध सीमित सप्लाई ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।

त्योहारी सीजन से पहले बढ़ी चिंता
देश में रक्षाबंधन के बाद त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे समय में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण चीनी की खपत भी बढ़ जाती है। इसी बीच कीमतों में अचानक आई तेजी ने आम लोगों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है। अब क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से लेकर बड़े रिटेल स्टोर्स तक खरीद की सीमा लगाए जाने से साफ है कि कारोबारी बाजार में पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने और जमाखोरी को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 211380

Share this Post