Sun, 06 Sep 2026
Post Details

जालंधर में स्कूल बच्चों से भरी वैन को पुलिस ने रोका, वैन में बच्चों की हालत देख पुलिस के उड़े होश

जालंधर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। डिफेंस कॉलोनी से गड़ा रोड की तरफ जा रही एक ओवरलोडेड मिनी बस को रेलवे फाटक से पहले ट्रैफिक पुलिस ने रोक लिया। बस में स्कूली बच्चों की संख्या देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 बच्चे सवार थे।

न सरकारी नंबर प्लेट न ड्राइवर ने लगाई बेल्ट
ट्रैफिक पुलिस की जांच में मिनी बस में कई खामियां सामने आईं। बस में तय क्षमता से कहीं ज्यादा बच्चों को बैठाया गया था। इसके अलावा बस पर सरकारी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। जांच के दौरान ड्राइवर के सीट बेल्ट नहीं लगाने की बात भी सामने आई। बस में बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। गर्मी के मौसम में बच्चों को इस तरह ठसाठस भरी बस में सफर करवाना किसी खतरे से कम नहीं है।

गर्मी को देखते हुए पुलिस ने काटा चालान, बच्चों को जाने दिया
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए बस का चालान काटा। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि उस समय भीषण गर्मी के कारण बच्चे काफी परेशान हो रहे थे। इसी वजह से मानवीय आधार पर चालान काटने के बाद बस को बच्चों समेत जाने दिया गया। बस के खिलाफ आगे की कार्रवाई अब कोर्ट में होगी। पुलिस का कहना है कि बच्चों की परेशानी को देखते हुए मौके पर बस को रोककर उन्हें और ज्यादा समय तक गर्मी में खड़ा रखना उचित नहीं समझा गया।

बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूल बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही बस में करीब 30 बच्चों का सफर करना और वाहन में जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं होना गंभीर मामला है। ऐसे में अभिभावकों की चिंता भी बढ़ना स्वाभाविक है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216116

Share this Post