Tue, 25 Aug 2026
Post Details

इटली में सड़क हादसे ने छीनी 44 साल के रणवीर की जिंदगी, पत्नी और 3 बच्चों को छोड़ गए पीछे

इटली में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के मोगा के रहने वाले 44 साल रणवीर सिंह की मौत हो गई। रणवीर सिंह निहाल सिंह वाला के गांव नंगल के रहने वाले थे और पिछले करीब 26 सालों से इटली के कास्तीजोना शहर में रहकर एक फैक्टरी में काम कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव नंगल और पूरे निहाल सिंह वाला इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार के साथ बाजार गए थे रणवीर सिंह
जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की रात रणवीर सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाजार में किताबें खरीदने गए थे। खरीदारी करने के बाद जब वह दुकान से बाहर निकले और अपनी कार का दरवाजा खोलने लगे, तभी दूसरी दिशा से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कई फीट दूर जा गिरे
हादसा इतना भीषण था कि जीप की टक्कर लगते ही रणवीर सिंह कई फीट दूर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में मातम छा गया। रणवीर सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके परिवार में 19 और 12 साल की दो बेटियां और 8 साल का बेटा है। तीनों बच्चे इटली में ही पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी पायलट बनने के लिए कोर्स कर रही है।

 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 208508