Sun, 06 Sep 2026
Post Details

सफाई सेवकों की हड़ताल से जालंधर बेहाल, हर गली-मोहल्ले में कचरा; परगट सिंह ने सरकार को घेरा

जालंधर में सफाई सेवकों की हड़ताल खत्म नहीं हो पाई है। सरकार के साथ मीटिंग और कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर सफाई सेवकों ने पिछले 5 दिनों से कचरा उठाने का काम बंद किया हुआ है। इसके चलते शहर की सड़कों, गलियों और विभिन्न इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अर्बन एस्टेट फेज-2 में परगट सिंह ने जताया विरोध

जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने सोमवार को अर्बन एस्टेट फेज-2 में शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बरनाला में भी इसी तरह के हालात देखने को मिले थे। उनका आरोप है कि सरकार बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आता।

‘यह सरकार की नाकायबी और नाकामयाबी का नतीजा’

परगट सिंह ने शहर में जमा कचरे को सरकार की नाकायबी और नाकामयाबी करार दिया। उन्होंने कहा कि कम वेतन पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को सुनने के बजाय सरकार आम जनता और कर्मचारियों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि बरनाला के बाद अब जालंधर में भी वही स्थिति पैदा हो गई है। सरकार शहर को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने का दावा करती है, लेकिन इतने सालों बाद भी जालंधर में सफाई व्यवस्था के हालात बदतर बने हुए हैं।

कई विभागों के कर्मचारी धरने पर

परगट सिंह ने कहा कि शहर में पूरी तरह से अराजकता का माहौल बना हुआ है। उनके अनुसार, सिर्फ नगर निगम के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि सिविल अस्पताल, बिजली और परिवहन विभागों से जुड़े कर्मचारी भी अलग-अलग मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।

‘दिशा’ बैठक में मुद्दा उठाने की तैयारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए नेताओं और पार्षदों ने सोमवार सुबह 11 बजे डीसी कार्यालय में होने वाली ‘दिशा’ (DISHA) की बैठक में सफाई व्यवस्था के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। इस बैठक में स्थानीय सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने शहर में जमा कचरे और सफाई सेवकों की हड़ताल का मुद्दा रखा जाएगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 216073

Share this Post