Sun, 23 Aug 2026
Post Details

जालंधर में 72 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, कारोबारी का अपना ही ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड!

जालंधर के सूर्या एन्क्लेव इलाके में 5 दिन पहले कारोबारी ललित से हुई 72 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट मामले को जालंधर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस हाई-प्रोफाइल केस को 24 घंटे से भी कम समय में क्रैक कर लिया था। मामले में मुख्य साजिशकर्ता और कारोबारी के ड्राइवर सन्नी खोसला समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान विकास (गुरदासपुर), हरदीप उर्फ दीपू (कपूरथला), साहिल (गुरदासपुर), राजवीर गिल (मकसूदां) और रणजीत सिंह (बटाला) के रूप में हुई है।

भागने की कोशिश में दुर्घटनाग्रस्त हुए लुटेरे, टूटीं टांगें
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि लूट की पूरी वारदात को सुलझाने के बाद कारोबारी ललित को उनके चोरी हुए 72 लाख रुपये पूरे के पूरे सुरक्षित लौटा दिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 72 लाख रुपये की शत-प्रतिशत राशि, वारदात में इस्तेमाल 2 कारें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान जब लुटेरों ने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया, तो उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें आरोपियों की टांगें टूट गईं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मास्टरमाइंड निकला कारोबारी का ही ड्राइवर, डेढ़ महीने से चल रही थी रेकी
पुलिस जांच में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरी डकैती का मुख्य सूत्रधार कारोबारी का खुद का ड्राइवर सन्नी खोसला और उसका जीजा हरदीप था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए करीब डेढ़ महीने पहले से रेकी शुरू कर दी थी। साजिश के तहत 13 तारीख को आरोपियों ने घटनास्थल का मुआयना कर सुनसान रास्ते की रेकी की थी। वारदात वाले दिन सन्नी खुद मौके पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह पूरी योजना को बाहर से ऑपरेट कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के लिए बटाला से शूटर/अपराधी हायर किए गए थे, जिन्हें 3 लाख रुपये दिए गए थे।

बंटवारे में जीजा ने खेला स्मार्ट गेम, 12 लाख रुपये ड्राइवर को दिए
वारदात को अंजाम देने के बाद 4 आरोपी विधिपुर फाटक के पास एक ठिकाने पर रुके। वहां सन्नी के जीजे हरदीप ने अपने ही साथियों के साथ चालाकी की और उन्हें झांसा दिया कि बैग में केवल 50 लाख रुपये ही निकले हैं। इसके बाद उसने साथियों में 13-13 लाख रुपये बांट दिए, जबकि वारदात की योजना बनाने वाले मुख्य साजिशकर्ता (ड्राइवर सन्नी) को 12 लाख रुपये दिए गए थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास पर पहले से 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि हरदीप, साहिल और राजवीर का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 205359