Sun, 23 Aug 2026
Post Details

36 लाख हड़प गया अपना ही दोस्त! विदेश जाने का सपना टूटा तो दंपती ने खाया सल्फास, पत्नी की मौत!

मोहाली के जीरकपुर इलाके में विदेश भेजने के नाम पर हुई लाखों रुपये की ठगी से आहत होकर एक शादीशुदा जोड़े ने सल्फास खाकर जान देने की कोशिश की। इस दर्दनाक घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतका की पहचान जीरकपुर निवासी गगनप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरनाला जिले से ताल्लुक रखती थी। वहीं उसके पति हाकम सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है। दोनों ने कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह किया था।

क्लासमेट ने विदेश भेजने के नाम पर ठगे 36 लाख रुपये
जानकारी के मुताबिक, गगनप्रीत और हाकम सिंह दोनों ने IELTS की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेश जाने का मन बनाया था। इसके लिए उन्होंने अपने ही एक पुराने क्लासमेट, जो ट्रैवल एजेंट का काम करता था, को 18-18 लाख रुपये यानी कुल 36 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि दी थी। आरोप है कि लंबा समय बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी दोस्त ने उन्हें विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापस लौटाए। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से तंग आकर आखिरकार दंपती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

मौके से सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दंपती ने अपने क्लासमेट पर 36 लाख रुपये हड़पने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का साफ आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर आरोपी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 205357