Fri, 21 Aug 2026
Post Details

अमृतसर में घर पर फेंका ग्रेनेड, टूटे गाड़ी के शीशे... बॉर्डर से सटे गांव में हड़कंप

अमृतसर के रमदास क्षेत्र के जट्टा गांव में एक घर पर ग्रेनेड हमला किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने घर को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुंह ढककर पहुंचे थे हमलावर
पीड़ित परिवार के सदस्य के मुताबिक, वह अपने भाई को खाना देने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि उन्होंने घर की ओर ग्रेनेड फेंका, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। हमले में घर को नुकसान पहुंचा और गाड़ी के शीशे भी टूट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

अकाली नेता ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अकाली दल के नेता जोध सिंह समरा ने घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में दिनदहाड़े घर पर ग्रेनेड फेंके गए, जिससे घर के शीशे टूटे और तीन लोग घायल हुए। जट्टा गांव बॉर्डर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पुलिस से पहले मौके पर पहुंचे सेना के जवान
जोध सिंह समरा ने दावा किया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस रात में मौके पर पहुंची, जबकि उससे पहले सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंच चुके थे। उनके मुताबिक, सेना की गाड़ी रूटीन गश्त के दौरान गांव की तरफ आती है। घटनास्थल से मिले ग्रेनेड पुलिस को सौंप दिए गए हैं और पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इलाके में डर का माहौल
अकाली नेता ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उनका दावा है कि घटना के बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पहले थानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब लोगों के घरों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 203154