Thu, 20 Aug 2026
Post Details

पंजाब बंद के दौरान स्कूल खुलेंगे या रहेंगे बंद! शिक्षामंत्री हरजोत बैंस के बयान से साफ हुआ मामला

21 अगस्त यानी शुक्रवार को कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। बंद के ऐलान के बाद बच्चों और अभिभावकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या 21 अगस्त को पंजाब के स्कूल बंद रहेंगे या सामान्य रूप से खुलेंगे।

अब पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने स्कूलों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब बंद के दौरान सरकारी स्कूलों में छुट्टी नहीं होगी। यानी सरकारी स्कूल शुक्रवार को सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

निजी स्कूलों को छुट्टी पर फैसला लेने की छूट
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि निजी स्कूल अपने स्तर पर छुट्टी का फैसला ले सकते हैं। ऐसे में अलग-अलग निजी स्कूलों की ओर से अपने विद्यार्थियों के लिए अलग निर्णय लिया जा सकता है। पंजाब बंद की कॉल के बाद राज्य के कई निजी स्कूल पहले ही 21 अगस्त को छुट्टी घोषित कर चुके हैं। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों के स्कूल की ओर से जारी सूचना जरूर देखनी होगी।

बाजार और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पड़ेगा बंद का असर
कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान बाजार और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के प्रभावित रहने की संभावना है। वहीं, जत्थेबंदियों की ओर से कहा गया है कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। बंद के दौरान इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह बहाल रखने की बात कही गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 200669