Thu, 22 Oct 2026
G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के। G2M देता है आप कीं क़लम आप के हाथ । G2M देता है आप को स्वतंत्र पत्रकारिता का सुनहरा मौक़ा, बह भी विना किसी शुल्क के।
Post Details

पंजाब में घर पर काटा केक, दोस्तों संग निकला पार्टी करने; रास्ते में बदमाशों ने कर दी फायरिंग

अमृतसर में बर्थडे पार्टी मनाने जा रहे युवक पर स्कूटी सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। युवक घर पर केक काटने के बाद दोस्तों के साथ होटल में पार्टी करने के लिए निकला था। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने चलती एक्टिवा पर गोलियां चला दीं। एक गोली युवक की जांघ में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।

गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल भी बरामद किया है।

छोटे भाई जैसे युवक की पिटाई का किया था विरोध
परिजनों के मुताबिक, घायल युवक की पहचान अमित के रूप में हुई है। गली में रहने वाले प्रभ को अमित ने अपना छोटा भाई बनाया हुआ है। परिवार का आरोप है कि बुधवार रात गोशा और उसके कुछ साथी प्रभ के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान अमित मौके पर पहुंचा और प्रभ को आरोपियों से छुड़ाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी भी हुई। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते बाद में अमित को निशाना बनाया गया।

चलती एक्टिवा पर फायरिंग, जांघ में लगी गोली
विवाद के बाद अमित के दोस्त उसका जन्मदिन मनाने के लिए केक लेकर उसके घर पहुंचे। घर पर केक काटने के बाद अमित और उसके दोस्त खाना खाने के लिए बाहर निकले। इसी दौरान आरोप है कि गोशा अपने साथियों के साथ उनका पीछा करने लगा। अमित अपने चचेरे भाई सागर के साथ एक्टिवा पर जा रहा था। सागर एक्टिवा चला रहा था, जबकि अमित पीछे बैठा था। कुछ दूरी पर पीछे से आए युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली अमित की जांघ में लगी। गोली लगते ही वह एक्टिवा से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने एक खोल किया बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोल बरामद किया है। पुलिस अब घायल अमित के बयान दर्ज करने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है। ACP सुरिंदर सिंह के मुताबिक, परिजनों ने नितीश और राजिंदर उर्फ गोशा के नाम पुलिस को बताए हैं। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 235315

Share this Post