Thu, 20 Aug 2026
Post Details

फगवाड़ा के लॉ गेट में आधी रात मचा बवाल, ईंट-पत्थर और बोतलों की बरसात, फायरिंग के आरोप

फगवाड़ा के लॉ गेट इलाके में देर रात तेज रफ्तार वाहन को धीमी गति से चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से बड़ी संख्या में युवक मौके पर पहुंचे और सिक्योरिटी गार्डों के साथ गाली-गलौज करने के बाद ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें बरसाईं। घटना में एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। वहीं महिला सिक्योरिटी गार्ड ने अज्ञात युवकों पर फायरिंग करने के भी आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तेज रफ्तार कार को रोकने पर हुआ विवाद
महिला सिक्योरिटी गार्ड काजल के मुताबिक, देर रात लॉ गेट इलाके में एक तेज रफ्तार कार आई थी। उन्होंने कार चालक को वाहन की गति धीमी करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर चालक के साथ उनकी बहसबाजी हो गई। आरोप है कि बहस के बाद कार चालक वहां से चला गया।

काजल के अनुसार, कुछ देर बाद वही कार चालक कथित तौर पर दर्जनों अज्ञात युवकों के साथ वापस मौके पर पहुंचा। युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ती देख अन्य सिक्योरिटी गार्डों ने महिला गार्ड को पीछे कर दिया। इसके बाद युवकों और सिक्योरिटी गार्डों के बीच बहसबाजी बढ़ गई।

पुलिस के पहुंचने के बाद दोबारा हुआ हंगामा
महिला गार्ड ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना चहेड़ू चौकी पुलिस को दी। उनके मुताबिक, पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद वापस चली गई। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद करीब 30 से 35 अज्ञात युवकों ने सिक्योरिटी गार्डों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और ईंटें व कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।

इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड विशाल घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं महिला सिक्योरिटी गार्ड काजल ने अज्ञात युवकों पर तीन फायर किए जाने का भी आरोप लगाया है।

CCTV फुटेज से होगी फायरिंग के आरोपों की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि CCTV और जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं।

लॉ गेट के सेक्रेटरी गुरविंदर सिंह मुल्तानी ने आरोप लगाया कि लॉ गेट में भाटिया PG के नाम से PG चलाने वाला व्यक्ति भी इस घटना में शामिल है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद ही फायरिंग की पुष्टि
सिविल अस्पताल पहुंचे ASI मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को लॉ गेट में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। जब उनसे फायरिंग के आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इस संबंध में कुछ भी कहना संभव नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग की पुष्टि या उससे जुड़ी कोई जानकारी सामने आ सकेगी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 200624