Tue, 18 Aug 2026
Post Details

लुधियाना में दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी से निकला था युवक, रास्ते में हमलावरों ने बरसा दी गोलियां

लुधियाना में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त भी फायरिंग में घायल हो गया। वारदात सोमवार देर रात थाना कोतवाली के अंतर्गत घंटा घर चौक-12 के पास हुई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय रमिंदर सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह फोटोग्राफी का काम करता था और अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को छोड़ गया है।

एक्टिवा और कार की टक्कर को लेकर हुआ था विवाद
फायरिंग में घायल संजीव ने बताया कि सोमवार को उनके दोस्त सन्नी का बर्थडे था। पार्टी में रमिंदर सिंह समेत चार दोस्त शामिल हुए थे। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच सभी लोग पार्टी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। JMD मॉल के पास उन्होंने देखा कि एक एक्टिवा और कार की टक्कर को लेकर कुछ लोगों के बीच बहस हो रही थी। एक्टिवा सवार युवक भी उनकी पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसे में वह और उसके दोस्तों ने गाड़ी से उतरकर बीच-बचाव किया और विवाद शांत करवाया।

पीछे से आई क्रेटा, अचानक शुरू कर दी फायरिंग
विवाद शांत होने के बाद रमिंदर और उसके दोस्त अपनी गाड़ी में बैठकर घर के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान पीछे से एक क्रेटा कार आई। आरोप है कि क्रेटा में सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली रमिंदर सिंह की गर्दन में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर गया और कुछ देर तक तड़पता रहा। गंभीर रूप से घायल रमिंदर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजीव के हाथ में भी चोट लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर क्रेटा कार में मौके से फरार हो गए।

पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया रमिंदर
रमिंदर सिंह शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 8 साल का है, जबकि छोटा बेटा महज 2 साल का है। उसकी पत्नी हाउसवाइफ है। रमिंदर का एक छोटा भाई भी है। परिवार के मुताबिक, उसकी मां फैक्ट्री में काम करती हैं, जबकि पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। रमिंदर की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 197587