Mon, 17 Aug 2026
Post Details

जालंधर बस हादसे पर BJP का हल्लाबोल, केडी भंडारी ने कहा- अब नहीं चलेगा सत्ता का गुरूर

जालंधर के अलास्का चौक पर करतार बस की चपेट में आने से एक्टिवा सवार डिलीवरी बॉय की मौत के मामले में सियासत गरमा गई है। हादसे को लेकर विपक्ष लगातार बस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी कड़ी में भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की की अगुवाई में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और करतार बस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर को मांग पत्र सौंपा।

अशोक सरीन बोले- तंग रास्तों में बसों की एंट्री पर हो रोक
भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि शहर में दुकानदारों के ट्रकों के लिए सुबह से शाम तक नो एंट्री लागू है, लेकिन बसों की शहर में एंट्री को लेकर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि बसों के लिए भी समय सीमा तय होनी चाहिए। उन्होंने स्टेशन, भगत सिंह चौक समेत शहर के तंग रास्तों में बसों की आवाजाही को लेकर नियम बनाने की मांग की। बस हादसे में किसी नौजवान की जान जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर में इस तरह के कई हादसे हो चुके हैं।

केडी भंडारी बोले- 'कानून बनाने वाले ही कानून की धज्जियां उड़ा रहे'
भाजपा नेता केडी भंडारी ने कांग्रेस नेता का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता विधानसभा में कानून बनाते हैं, वही कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सत्ता के गुरूर को अब रोका जाएगा। जालंधर में बसों की आवाजाही को लेकर स्पष्ट नियम और कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। हादसे में जान गंवाने वाले नौजवान के परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

पुलिस कमिश्नर ने 2-3 दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन
भाजपा नेताओं की मांग पर पुलिस कमिश्नर ने 2 से 3 दिन के भीतर कार्रवाई को लेकर आश्वासन दिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर में ट्रकों की नो एंट्री को लेकर कानून मौजूद है, लेकिन बसों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए फिलहाल कोई स्पष्ट कानून नहीं है। इस संबंध में सरकार को पत्र लिखा गया है। इसमें मांग की गई है कि जिस तरह दूसरे राज्यों में बसों की शहर में नो एंट्री को लेकर नियम बनाए गए हैं, उसी तरह जालंधर में भी बसों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाया जाए। यह नियम सभी बसों पर लागू होगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 196215