Mon, 17 Aug 2026
Post Details

विवादों में घिरा जालंधर का Vani Visa Services, लगे लाखों रुपए के ठगी के आरोप

जालंधर में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से कथित ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब एक और ट्रैवल एजेंट पर अजरबैजान भेजने के नाम पर 1.45 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित गुरप्रीत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ट्रैवल एजेंट के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर विज्ञापन देख किया था संपर्क
पीड़ित गुरप्रीत के मुताबिक, उसने MBD मॉल स्थित वाणी वीजा सर्विस का सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखा था। इसके बाद 15 जून 2025 को वह अजरबैजान जाने के लिए एजेंट संचालक बलराम सिंह उर्फ शेरा, उसके भाई और शिवानी नाम की महिला से उनके कार्यालय में मिला। एजेंट ने विदेश भेजने के लिए 1.40 लाख रुपये और मेडिकल के लिए 5 हजार रुपये मांगे। इसके बाद उसने कुल 1.45 लाख रुपये एजेंट को दे दिए। उसके साथ उसके दो कजिन भाइयों ने भी अजरबैजान का वीजा लगवाया था।

9 जुलाई की दी गई टिकट निकली डुप्लीकेट
पीड़ित का आरोप है कि ट्रैवल एजेंट ने 9 जुलाई को उन्हें अजरबैजान जाने की टिकट दी, लेकिन बाद में पता चला कि टिकट डुप्लीकेट थी। इसके बाद एजेंट कथित तौर पर सीजफायर का हवाला देकर उन्हें विदेश भेजने की तारीख लगातार आगे बढ़ाता रहा। जब उन्होंने विदेश नहीं भेजे जाने पर अपने पैसे वापस मांगे तो एजेंट ने रकम लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल की।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित गुरप्रीत ने बताया कि उसने मामले को लेकर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी थी। करीब दो महीने बाद थाना प्रभारी की ओर से कार्रवाई को लेकर फोन आया, लेकिन इसके बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ट्रैवल एजेंट ने अपना कार्यालय भी बंद कर दिया है और पिछले एक साल से अधिक समय से उसका फोन नहीं उठाया जा रहा है। उसने एजेंट को भुगतान नकद किया था। वहीं, गोविंद नामक उसके भाई को एजेंट की ओर से एक लाख रुपये दिए जाने की बात भी सामने आई है।

एक साल से इंसाफ के लिए भटक रहा परिवार
गुरप्रीत ने कहा कि वह और उसका परिवार पिछले एक साल से इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने ट्रैवल एजेंट के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। परिवार ने प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 196186