Mon, 17 Aug 2026
Post Details

'6 बार पेपर लीक, 10 लाख छात्र परेशान...' जालंधर में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, सीएम मान से मांगा इस्तीफा!

पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ जालंधर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस नेता अंगद दत्ता की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जालंधर डीसी दफ्तर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने पंजाब में लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार की प्रशासनिक विफलता और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

साढ़े चार साल के कार्यकाल में 6 बार पेपर लीक
प्रदर्शन की जानकारी देते हुए अंगद दत्ता ने बताया कि आम आदमी पार्टी को सत्ता में आए साढ़े चार साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन युवाओं से किए गए वादे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि उनकी सरकार में एक भी पेपर लीक हुआ तो सबसे पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाएगा। 

दत्ता ने मांग की कि इस नीति के तहत सबसे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के अब तक के कार्यकाल में 6 बार प्रतियोगी और विभागीय परीक्षाएं लीक हो चुकी हैं, जिससे करीब 10 लाख छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

मंत्रियों में खींचतान और जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का आरोप
अंगद दत्ता ने कहा कि राज्य में पेपर लीक की अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय सरकार के मंत्री एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। जब इस मामले में शिक्षा मंत्री से सवाल किया जाता है तो वे इसे अपना विभाग मानने से इंकार करते हुए सेहत मंत्री के पास भेजते हैं, वहीं सेहत मंत्री दोबारा शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस से बात करने की सलाह देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पीड़ित छात्र और युवा जवाब मांगते हैं, तो मुख्यमंत्री भगवंत मान पुलिस बल का सहारा लेकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश करते हैं।

हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और प्रशासनिक लापरवाही पर उठाए सवाल
सरकार द्वारा पेपर लीक के दावों को खारिज करने पर कांग्रेस नेता ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चल रहे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब हाईकोर्ट खुद पेपर लीक होने की बात कह रहा है, तो क्या राज्य सरकार अदालत से भी ऊपर हो गई है? उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसे पेपर लीक के बजाय केवल नकल का मामला मानती है, तब भी परीक्षा केंद्र और निगरानी करने वाले शिक्षक सरकार के ही थे। जब छात्रों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई, तो सरकार ने सुधार करने के बजाय प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। दत्ता ने कहा कि जब तक प्रभावित युवाओं को इंसाफ नहीं मिल जाता, कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।

राहुल गांधी की यात्रा में एकजुटता दिखाने का दावा
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए दत्ता ने कहा कि 6 पेपर लीक मामलों पर चर्चा के लिए जब उनसे मिलने का समय मांगा गया तो उन्होंने पंजाब में मिलने की बात कही थी, लेकिन अब वे पंजाब में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस में अंदरूनी कलह के आरोपों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़े मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस की गुटबाजी की झूठी खबरें फैला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरेगी। आने वाले समय में राहुल गांधी की पंजाब यात्रा के दौरान पूरी पार्टी एक मंच पर एकजुट दिखाई देगी। 

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 196186