Mon, 17 Aug 2026
Post Details

अशोकधाम मंदिर जाते वक्त बड़ा हादसा, भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत; बढ़ सकता है आंकड़ा

बिहार के लखीसराय में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर अचानक भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

खंभा गिरने के बाद फैली अफवाह
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया था। इसके बाद वहां अफवाह फैल गई कि लोगों के ऊपर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया है। हालांकि, जांच में सामने आया कि वह बिजली का तार नहीं, बल्कि केबल वायर था, जिसका इस्तेमाल डिश या इंटरनेट कनेक्शन के लिए होता है।

महिलाओं की लाइन पर पड़ा भीड़ का दबाव
अफवाह फैलने के बाद पुरुषों की तरफ मौजूद भीड़ में अचानक दबाव बढ़ गया। इस दबाव का असर महिलाओं की लाइन पर भी पड़ा और वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वाली 7 महिलाओं में से चार की पहचान कर ली गई है। मृतकों में लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी और हेमलता देवी शामिल हैं। वहीं, मुंगेर की रिंकू देवी की भी हादसे में मौत हुई है। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा
हादसे के बाद बिहार सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों का इलाज कराया जा रहा है और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 196186