Mon, 17 Aug 2026
Post Details

जालंधर में दुकान के बाहर खड़े दुकानदार पर झपटा खूंखार कुत्ता, डेढ़ मिनट तक नोंचता-काटता रहा

जालंधर शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह नकोदर के मोहल्ला गुरु नानकपुरा में एक स्ट्रीट डॉग ने मोबाइल टेलीकॉम दुकानदार मनजिंदरजीत सिंह उर्फ लकी पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुकान के बाहर खड़े थे लकी, अचानक झपटा कुत्ता

पीड़ित लकी के अनुसार, वह सुबह करीब साढ़े 8 से 9 बजे के बीच अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उन पर झपट पड़ा। हमले से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर गए।

लकी ने बताया कि जमीन पर गिरने के बाद भी कुत्ते ने उन्हें नहीं छोड़ा और करीब डेढ़ मिनट तक काटता व नोंचता रहा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया।

शरीर पर 12 से 15 जगह चोटें

कुत्ते के हमले में लकी के हाथ, पैर, पेट, टांगों और गर्दन के आसपास करीब 12 से 15 जगह चोटें आई हैं। लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन समेत अन्य जरूरी उपचार शुरू कर दिया है।

बच्चों के घर में होने से टला बड़ा हादसा

लकी ने बताया कि घटना के समय उनके छोटे बच्चे घर के अंदर थे। उन्होंने कहा कि अगर बच्चे उस समय बाहर होते तो स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती थी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर डर और चिंता बढ़ गई है।

नगर काउंसिल से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर काउंसिल पर आवारा और खूंखार कुत्तों की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खूंखार स्ट्रीट डॉग्स पर जल्द कार्रवाई की जाए और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 195574