Mon, 17 Aug 2026
Post Details

बच्चों को केक खिलाने से पहले रहें सावधान! जन्मदिन की पार्टी में मचा हड़कंप, 11 अस्पताल पहुंचे

महाराष्ट्र के पालघर जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नालासोपारा में जन्मदिन के लिए मंगाया गया केक खाने के बाद सात बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में केक के अंदर कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने की बात सामने आई है।

केक खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, घटना नालासोपारा पूर्व के टाकीपाड़ा इलाके की एक इमारत में शनिवार को हुई। जन्मदिन समारोह के दौरान केक खाने के कुछ ही समय बाद लोगों को सीने में जलन, तेज पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।

बीमार लोगों में चार महिलाएं और ढाई साल के बच्चे समेत सात बच्चे शामिल हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद सभी को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

प्लेट में दिखी मरी हुई छिपकली

बताया जा रहा है कि केक परोसने के दौरान मेहमानों की नजर प्लेट में पड़ी कथित मरी हुई छिपकली पर गई। इसके बाद समारोह में हड़कंप मच गया। बच्चों ने भी दावा किया कि उन्हें केक के अंदर छिपकली दिखाई दी थी।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों के बीमार पड़ने का वास्तविक कारण अभी तक सामने नहीं आया है। खाद्य विषाक्तता की पुष्टि और उसके कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

बेकरी के खिलाफ जांच शुरू

पुलिस के अनुसार, केक नालासोपारा स्थित ‘चामुंडा बेकरी’ से मंगाया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। केक के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

यह घटना लोगों के लिए खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की एक गंभीर चेतावनी भी है। खासकर बच्चों को केक या अन्य खाद्य पदार्थ परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और स्थिति की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 195574