Sun, 16 Aug 2026
Post Details

पंजाब में 15 अगस्त के प्रोग्राम में दर्दनाक हादसा, लोगों में मची अफ़रा तफ़री

पटियाला स्थित प्रतिष्ठित नेताजी सुभाष खेल संस्थान (एनआईएस) में 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। समारोह के बीचों-बीच अचानक रेसलिंग हॉल की फॉल्स सीलिंग (डाउन सीलिंग) का एक भारी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों में भारी अफरा-तफरी मच गई और लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

खिलाड़ियों का होना था सम्मान, बाल-बाल बचे लोग

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संस्थान में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाना था। कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था कि तभी हॉल की छत का एक बड़ा हिस्सा सीधे नीचे बैठे लोगों के ऊपर आ गिरा। गनीमत यह रही कि किसी बड़े जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, हालांकि इस हादसे की चपेट में आने से कुछ लोगों को हल्की चोटें जरूर आई हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर खाली कराया गया हॉल

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई की। कार्यक्रम को फौरन बीच में ही रोक दिया गया और सुरक्षा कारणों से पूरे हॉल को तुरंत खाली करवा लिया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि फॉल्स सीलिंग गिरने के पीछे निर्माण या रखरखाव में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 195305