Fri, 14 Aug 2026
Post Details

लुधियाना में भाजपा नेता और परिवार पर हमला, ई-रिक्शा की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद

लुधियाना में ई-रिक्शा की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा नेता हिमांशु कालरा और उनके परिवार पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में कालरा के अलावा उनके ससुर और साले को भी चोटें आई हैं। भाजपा नेता के कान पर गंभीर चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें सुनने में परेशानी और लगातार सूं-सूं की आवाज आने की शिकायत है। मामले में थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।

माता वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक हिमांशु कालरा अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करके XUV 700 से लुधियाना लौट रहे थे। सीएमसी चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की पिछली लाइट टूट गई और वाहन को नुकसान पहुंचा।

हिमांशु कालरा के मुताबिक उन्होंने ई-रिक्शा चालक को जाम के कारण पर्याप्त दूरी बनाए रखने और पीछे रहने के लिए कहा था, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद कालरा ने ई-रिक्शा चालक को रोककर कार को हुए नुकसान को लेकर बातचीत करने की कोशिश की।

देखते ही देखते मौके पर जुटे 10-15 लोग
कालरा के अनुसार, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते करीब 10 से 15 स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने ई-रिक्शा चालक का पक्ष लेते हुए हिमांशु कालरा और उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए कालरा के ससुर और साले को भी नहीं बख्शा। मारपीट के बाद आरोपी ई-रिक्शा चालक को मौके से भगा दिया गया और इसके बाद हमलावर भी वहां से फरार हो गए।

कान पर मुक्का लगने के बाद सुनने में परेशानी
हिमांशु कालरा ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके कान पर जोरदार मुक्का मारा गया। इसके बाद उनके कान में लगातार सूं-सूं की आवाज आ रही है और सुनने में भी दिक्कत हो रही है। घटना के तुरंत बाद वह अपने परिवार के साथ लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां सभी घायलों का मेडिकल कराया गया। मामले की शिकायत थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस को दी गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 194487