Wed, 12 Aug 2026
Post Details

जालंधर नेशनल हाईवे पर CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक का हुआ भीषण एक्सीडेंट, जरा सी चूक से हो सकता था बड़ा धमाका

जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर गोराया मुख्य चौक के फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रेत से लदे टिप्पर को पीछे से CNG सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि CNG ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया।

CNG सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ, टला बड़ा हादसा
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि ट्रक में बड़ी संख्या में CNG सिलेंडर लदे हुए थे। हालांकि, गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के मुताबिक, रेत से भरा टिप्पर गोराया मुख्य चौक के फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए CNG सिलेंडरों से लदे ट्रक ने टिप्पर को जोरदार टक्कर मार दी। टिप्पर चालक संदीप ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि उनके वाहन का टायर पंचर हो गया और जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।

ट्रक का केबिन बुरी तरह मुड़ा, ड्राइवर फंसा
टक्कर के कारण CNG ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन बुरी तरह मुड़ने के कारण ड्राइवर उसके अंदर फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से SSF की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल ड्राइवर को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बावजूद किसी बड़े नुकसान के न होने से राहत की बात है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 193455